बालाघाट जिले के कलेक्टर ने टेडवा एवं बेलगांव की शालाओं का किया निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था सुधारने दिए निर्देशकलेक्टर श्री मृणाल मीना ने 20 दिसंबर को लांजी तहसील के ग्राम टेडवा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बेदरेटोला टेडवा, माध्यमिक शाला टेडवा तथा ग्राम बेलगांव के हाईस्कूल का निरीक्षण कर शालाओं में संचालित शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, लांजी एसडीएम श्री कमल सिंहसार भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शालाओं में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों की उपस्थिति रजिस्टर में ही उनकी ग्रेडिंग भी अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, जिससे विद्यार्थियों की प्रगति का नियमित आकलन हो सके।
कलेक्टर श्री मीना ने शिक्षकों को समय पर शाला में उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक हमारे शिक्षक ऐप के माध्यम से नियमित रूप से ई-अटेंडेंस लगाएं तथा शाला बंद होने के समय लॉग आउट करना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने भविष्य का लक्ष्य तय कर उस दिशा में मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, संगीत एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
इसके साथ ही कलेक्टर ने शिक्षकों को शाला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और बच्चों के लिए स्वच्छ एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण से शालाओं में शैक्षणिक गुणवत्ता एवं अनुशासन को लेकर सकारात्मक संदेश गया।
एक टिप्पणी भेजें