Top News

7 साल बाद पाकिस्तान जेल से रिहा हुआ खैरलांजी का युवक, जिला प्रशासन की पहल से संभव हुई घर वापसी

 


बालाघाट।

बालाघाट जिले के तहसील मुख्यालय खैरलांजी निवासी युवक प्रसन्नजीत रंगारी को पाकिस्तान की जेल में सात वर्ष तक बंद रहने के बाद रिहा कर दिया गया है। रिहाई के पश्चात उसे वाघा बॉर्डर पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा गया, जहां सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।

प्रसन्नजीत की रिहाई के बाद उसे अमृतसर से खैरलांजी लाने के लिए परिजनों ने बालाघाट जिला प्रशासन से सहायता की मांग की थी। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मदद के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष टीम का गठन कर उसे अमृतसर भेजा गया। प्रशासनिक टीम अमृतसर पहुंच चुकी है और प्रसन्नजीत को साथ लेकर खैरलांजी के लिए रवाना हो गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आज शाम तक प्रसन्नजीत के खैरलांजी पहुंचने की संभावना है।

सात वर्षों बाद बेटे की घर वापसी की सूचना मिलते ही परिवार में खुशी और भावुकता का माहौल है। प्रसन्नजीत के परिजनों ने इस मानवीय सहयोग के लिए बालाघाट जिला प्रशासन एवं कलेक्टर श्री मृणाल मीना के प्रति आभार व्यक्त किया है।

जिला प्रशासन की इस संवेदनशील और त्वरित पहल की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है, जिससे वर्षों बाद एक परिवार को अपने सदस्य से पुनः मिलने का अवसर प्राप्त हुआ।

Post a Comment

और नया पुराने