![]() |
बालाघाट।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 06 फरवरी को आयोजित “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से संवाद किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने छात्रों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा को युद्ध नहीं, बल्कि उत्सव की तरह लेना चाहिए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विद्यार्थियों को स्मार्ट स्टडी, नियमित रिवीजन, समय प्रबंधन, डिजिटल डिस्ट्रैक्शन से दूरी तथा सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शांत मन और सही रणनीति के साथ हर छात्र सफलता प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बालाघाट जिले के सभी स्कूलों में किया गया। सांदीपनी विद्यालय बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री मृणाल मीना विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को सुना।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान तनाव को स्वयं पर हावी न होने दें। शांत मन, एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा पूरे वर्ष की मेहनत का परिणाम होती है, इसलिए बिना घबराए पूरे मनोयोग से प्रश्नपत्र हल करें।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने अपनी यूपीएससी परीक्षा की तैयारी एवं सफलता के अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया।
इस अवसर पर सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य डॉ. युवराज रहंगडाले, उप-प्राचार्य श्री साजिद मोहसिन, समाजसेवी श्री तपेश असाटी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
“परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नया आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

एक टिप्पणी भेजें