सुनवाई के दौरान यह पता लगाया जाता है कि शिकायत के निराकरण में देरी क्यों हुई तथा तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाता है। जिन मामलों में लापरवाही पाई जाती है, वहां जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही भी की जाती है।
17 फरवरी को 250 दिनों से अधिक लंबित 5 शिकायतों की सुनवाई
17 फरवरी को कलेक्टर श्री मीना ने 250 दिनों से अधिक समय से लंबित 5 शिकायतों की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की। इस दौरान अपर कलेक्टर जीएस धुर्वे, डीपी बर्मन, अधीक्षक भू-अभिलेख एवं लोक सेवा प्रबंधक अनिल लिल्हारे उपस्थित रहे।
1. 281 दिनों से लंबित नक्शा बटांकन प्रकरण
परसवाड़ा तहसील के ग्राम पोंगारझोड़ी निवासी पुरूषोत्तम ने अपनी जमीन का नक्शा बटांकन नहीं किए जाने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई थी। यह शिकायत 281 दिनों से लंबित थी।
सुनवाई के दौरान संबंधित पटवारी से वस्तुस्थिति पूछी गई। कलेक्टर ने पटवारी को निर्देश दिए कि दो दिनों के भीतर नक्शा बटांकन की कार्यवाही पूर्ण करें। निर्धारित समय में समाधान नहीं होने पर निलंबन की चेतावनी भी दी गई।
2. 316 दिनों से लंबित शासकीय सड़क पर अतिक्रमण
किरनापुर तहसील के ग्राम मुरकुड़ा निवासी सादू खरे ने शिकायत की थी कि पड़ोसी द्वारा शासकीय सड़क पर मकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। यह मामला 316 दिनों से लंबित था।
कलेक्टर ने पटवारी को तत्काल सीमांकन करने और ग्राम पंचायत के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद शिकायत का समाधान कर उसे बंद कराया गया।
3. 410 दिनों से लंबित नक्शा बटांकन का निराकरण
लांजी निवासी कुंजीलाल पिता गुजोबा की जमीन के नक्शा बटांकन संबंधी शिकायत 410 दिनों से लंबित थी।
समक्ष सुनवाई के दौरान कलेक्टर ने लांजी के पटवारी को निर्देशित किया कि शीघ्र बटांकन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। मौके पर ही संतुष्टि के साथ शिकायत का निराकरण सुनिश्चित कराया गया।
4. 428 दिनों से लंबित सीमांकन प्रकरण
लालबर्रा तहसील के ददिया निवासी बंटी कारे ने पोटियापाट का सीमांकन नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी, जो 428 दिनों से लंबित थी।
कलेक्टर ने सीमांकन कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर नाराजगी जताई और पटवारी को दो दिनों के भीतर सीमांकन कर सीमा विवाद का निराकरण करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात शिकायत का समाधान कर बंद कराया गया।
5. 302 दिनों से लंबित नहर भूमि पर अतिक्रमण
लामता निवासी ओमकार तिल्लासी ने शिकायत की थी कि नहर की भूमि पर सरपंच द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। यह शिकायत 302 दिनों से लंबित थी।
कलेक्टर ने अपर कलेक्टर को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित पटवारी को सख्त निर्देश दिए गए कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।
प्रशासन की सख्ती से बढ़ी जवाबदेही
समक्ष सुनवाई की इस व्यवस्था से लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी आई है। कलेक्टर द्वारा सीधे सुनवाई करने से विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय हो रही है तथा शिकायतकर्ताओं को त्वरित राहत मिल रही है।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि लंबित शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें