बालाघाट | News Today
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत 05 मई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने जिलेभर से पहुंचे 101 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल एवं डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप कौरव उपस्थित रहे।
6 महीने से भुगतान का इंतजार कर रही महिला
कटंगी तहसील निवासी सुनंदा बागडे ने प्रसूता वार्ड में कुक एवं कुक हेल्पर के रूप में कार्य करने के बावजूद कई महीनों से भुगतान न मिलने की शिकायत की। सुनंदा ने बताया कि उनके पति दिव्यांग हैं और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सीएमएचओ को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
पति की मृत्यु के बाद पेंशन और ग्रेज्युटी की मांग
लालबर्रा तहसील की श्यामबती तेकाम ने अपने दिवंगत पति रूपलाल तेकाम की ग्रेज्युटी और पेंशन राशि दिलाने की मांग की। उनके पति सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और नवंबर 2025 में उनका निधन हो गया था। प्रशासन ने जनजातीय कार्य विभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
गौस नगर में हटाए गए बिजली पोल को फिर लगाने की मांग
बालाघाट शहर के गौस नगर वार्ड नंबर 03 के रहवासियों ने विधायक निधि से लगाए गए विद्युत पोल को पुनः स्थापित करने की मांग रखी। लोगों का कहना है कि विभाग एक पोल निकालकर ले गया था, लेकिन अब तक वापस नहीं लगाया गया, जिससे क्षेत्र में काफी परेशानी हो रही है। अधीक्षण अभियंता को तत्काल कार्यवाही करने को कहा गया।
ई-स्कूटी योजना का लाभ नहीं मिलने से परेशान छात्रा
खैरलांजी तहसील की संगीता अग्ने ने कर्मकार मंडल योजना के तहत ई-स्कूटी का लाभ न मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में आवेदन करने के बाद भी अब तक कोई लाभ नहीं मिला। जिला श्रम पदाधिकारी को मामले की जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बेटे के स्कूल एडमिशन के लिए पिता ने लगाई गुहार
खेरलांजी निवासी देवेंद्र नगपुरे अपने बेटे का प्रवेश सीएम राइज स्कूल वारासिवनी में कराने की मांग लेकर पहुंचे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे निजी स्कूल में पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहे हैं। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
किडनी ट्रांसप्लांट के लिए मांगी आर्थिक सहायता
लालबर्रा तहसील के ग्राम छिंदलाई निवासी सचिन चौधरी अपने भाई कपिल चौधरी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे। उन्होंने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट में लगभग 6 लाख रुपये खर्च बताए गए हैं और परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। कलेक्टर ने सीएमएचओ को सहायता संबंधी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
हाईवे पर स्पीड ब्रेकर की मांग
किरनापुर तहसील के ग्राम परसवाड़ा निवासी भवानी प्रसाद तिवारी ने रजेगांव-लांजी मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। प्रशासन ने संबंधित विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिए।
हैंडपंप पर कब्जे की शिकायत
लांजी तहसील के ग्राम कालीमाटी निवासी कुसमी बाई डोंगरे ने वार्ड के हैंडपंप में समर्सिबल पंप लगाकर पानी भरने से रोकने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कुछ लोग पूरे पानी का उपयोग खुद कर रहे हैं, जिससे अन्य परिवारों को परेशानी हो रही है। पीएचई विभाग को तत्काल जांच और कार्रवाई करने को कहा गया।
92 प्रतिशत अंक लाने वाली छात्रा को नहीं मिला प्रवेश
वारासिवनी तहसील के कोसरिटोला निवासी मोरेश्वर उके अपनी पुत्री पावनी उके के स्कूल प्रवेश की मांग लेकर पहुंचे। छात्रा ने कक्षा 8वीं में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, लेकिन संदीपनि विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने दिया समस्याओं के समाधान का भरोसा
जनसुनवाई के अंत में कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
News Today लगातार आपके क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण खबर आप तक पहुंचाता रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें