नगरपालिका परिषद मलाजखंड क्षेत्र में जल गुणवत्ता सर्वेक्षण
पेयजल व्यवस्था पाई गई संतोषजनक
प्रदेश शासन एवं कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में नगरपालिका परिषद मलाजखंड द्वारा क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 03 जनवरी को जल स्त्रोतों के निरीक्षण एवं जांच की कार्यवाही की गई। इसके अंतर्गत नगरपालिका परिषद मलाजखंड क्षेत्र में पेयजल गुणवत्ता से संबंधित मैदानी सर्वेक्षण किया गया।
सर्वेक्षण के दौरान जल आपूर्ति बिंदुओं का निरीक्षण करते हुए पानी की स्वच्छता एवं उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया गया। जांच में पाया गया कि क्षेत्र में जल आपूर्ति की स्थिति गुणवत्तापूर्ण है। पाइपलाइन के माध्यम से की जा रही जल आपूर्ति, नल एवं जल संयोजन सही अवस्था में पाए गए। पानी साफ, पारदर्शी एवं बिना किसी दुर्गंध के पाया गया।
नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा सर्वेक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद भी किया गया। पुरुषों एवं बुजुर्ग नागरिकों से चर्चा में नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल प्राप्त हो रहा है, पानी पीने योग्य है तथा पानी से संबंधित किसी प्रकार की समस्या नहीं है। नागरिकों ने यह भी बताया कि वे नियमित रूप से इसी पानी का उपयोग कर रहे हैं।
नगरपालिका परिषद के अधिकारियों द्वारा सर्वेक्षण के उपरांत मलाजखंड क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता को संतोषजनक बताया गया। वर्तमान में पानी से संबंधित कोई शिकायत या समस्या सामने नहीं आई है और जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दिनेश बाघमारे ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी पेयजल की शुद्धता को लेकर किसी प्रकार की शिकायत हो, तो नागरिक तत्काल नगरपालिका परिषद मलाजखंड कार्यालय से संपर्क करें, ताकि समय पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।
एक टिप्पणी भेजें